पोपट नाम के भिखारी ने कबूतरों का चबूतरा बनवाने के लिए अनजाने में दान कर दिए 1.15 लाख

ज़िंदगी के 40 साल भीख मांग कर गुजर-बसर करने वाले गुजरात के भुज के एक भिखारी ने अनजाने में ही इतने पैसे जमा कर दिए कि उनसे कबूतरों के लिए एक टॉवर का निर्माण किया जा रहा है. गुजरात के भुज में प्रसिद्ध शिव मंदिर के पास एक भिखारी पिछले 40 वर्षों से भीख मांग रहा है. इसका दिमागी संतुलन ठीक न होने की वजह से लोग इस भिखारी को पोपट के नाम से पुकारते थे.
source: jagran 
अपनी ज़िंदगी के महत्वपूर्ण 40 साल इस मंदिर के आस-पास गुजरने वाला पोपट बिहारीलाल महादेव मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए जाया करता था, जहां मंदिर के पुजारी मौनी बाबा उसे चाय देते थे. इस चाय के बदले पोपट, पुजारी को पैसे दिया करता था. नोटों को पहचानने में असमर्थ पोपट बिना देखे पैसे दिया करता था. जिसका हिसाब रखने के लिए मौनी बाबा ने पोपट का एक अलग खाता बना दिया था. आज यह जमा राशि 1.15 लाख के करीब पहुंच गई है.
मंदिर के पुजारी मौनी बाबा का कहना है कि "1973 से ही पोपट यहां हर रोज आने लगा था और दर्शन के बाद मेरे पास पैसे छोड़ जाता था".
पोपट का नाम अमर करने के लिए लोगों ने पोपट की जमा राशि से कबूतरों के लिए मंदिर के पास एक चबूतरे का निर्माण करने का सोचा है. जिसमें दानकर्ता के रूप में पोपट का नाम लिखा जायेगा.
source: indiatoday