
क्रिकेट को जेंटलमेन गेम कहा
जाता है. खैर, अब ये खेल उतना जेंटल नहीं रहा जितना कभी हुआ करता था.
करीब-करीब हर मैच में आपको खिलाड़ियों के बीच गाली-गलौज और लड़ाई देखने को
मिल जाती हैं. ऐसा नहीं है कि पहले कभी खिलाड़ियों के बीच कहा-सुनी नहीं
होती थी, लेकिन पहले की कहा-सुनी में भी एक तहज़ीब थी. क्रिकेट के मैदान
में ऐसी ही तहज़ीब वाली कहा-सुनी से आपको रूबरू करवाते हैं.
1. Fred Trueman और Raman Subba Row
इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ Fred Trueman काउंटी क्रिकेट के एक मैच में
गेंदबाज़ी कर रहे थे. तभी एक गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और स्लिप
में खड़े Raman Subba Row के पास गई. Row उसे कैच नहीं कर पाए और गेंद उनके
पैरों के बीच से निकल गई. ओवर खत्म होने के बाद Row, Trueman के पास गए और
बोले 'सॉरी मुझे अपने पैरों को बंद रखना चाहिए था'. जिस पर Trueman ने
जवाब दिया कि 'ये काम तुम्हारी मां को करना चाहिए था'.
2. Sunil Gavaskar और Viv Richards
वेस्टइंडीज़ और भारत के बीच एक टेस्ट मैच के दौरान सुनील गावस्कर ने
ओपनिंग न कर के 4 नम्बर पर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लिया. भारत ने अपने
दो विकेट शून्य पर ही खो दिए. जब गावस्कर बल्लेबाज़ी के लिए मैदान में आए
तो वेस्टइंडीज़ के कप्तान Viv Richards ने गावस्कर से कहा कि 'तुम किसी भी
नम्बर पर बल्लेबाज़ी करने आओ, भारत का स्कोर शून्य (0) ही रहेगा'.
3. Daryll Cullinan और Shane Warne
Daryll Cullinan और Shane Warne आमने-सामने काफ़ी कम आए थे. पहली बार जब
दोनों आमने-सामने थे तब Warne ने Cullinan को आऊट किया था. करीब दो साल
बाद जब एक बार फ़िर दोनों खिलाड़ी टकराए तब Warne ने Cullinan से कहा कि
'मैं दो साल से तुम्हारा विकेट लेने के इंतज़ार में बैठा हूं'. इस पर
Cullinan ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि 'लगता है ये वक़्त तुमने खाते हुए
बिताया है'.
4. Ravi Shastri और Mike Whitney
एक मैच के दौरान रवि शास्त्री ने शॉट मारा और एक रन लिया. इस पर 12वें
खिलाड़ी Mike Whitney (जो कि उस वक़्त फ़ील्डिंग कर रहे थे) ने शास्त्री से
कहा कि 'क्रीज़ में रहो वरना मैं तुम्हारा सिर तोड़ दूंगा'. शास्त्री ने
फ़ौरन जवाब दिया कि 'बोलने के बजाए अगर तुम गेंदबाज़ी पर ध्यान देते तो आज
12वें खिलाड़ी नहीं होते'.
5. Ian Healy और Arjuna Ranatunga
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच एक मैच के दौरान श्रीलंका के कप्तान
Arjuna Ranatunga ने रनर मांगा, जिस पर आस्ट्रेलिया के विकेट कीपर Ian
Healy ने Ranatunga के मोटापे का मज़ाक उड़ाते हुए उनसे कहा 'भारी शरीर की
वजह से रनर नहीं लिया जाता'.
6. Jamie Siddons और Steve Waugh
ऑस्ट्रेलियन काऊंटी के एक मैच के दौरान Steve Waugh बैंटिंग के लिए आए.
उन्होंने अपना गार्ड लिया, और थोड़ा वक़्त फ़ील्ड में खड़े खिलाड़ियों का
जायज़ा लेने में बर्बाद किया, जिस पर Jamie Siddons नें उनसे गुस्से में
कहा कि 'ये कोई टेस्ट मैच नहीं है जो तुम इतना वक़्त बर्बाद कर रहे हो'.
Steve Waugh ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया 'हां ये टेस्ट मैच हो भी नहीं
सकता, तुम जो यहां हो'.
7. Merv Hughes और Robin Smith
Merv Hughes की गेंदबाज़ी का सामना करना एक मैच में Robin Smith के लिए
मुश्किलों भरा हो रहा था. एक ओवर के दौरान उनसे एक भी गेंद बल्ले से नहीं
लगी. इस पर Hughes ने चुट्की लेते हुए Smith से कहा कि 'अगर तुम अपने बल्ले
को विकेट पर अकेला छोड़ दो तो शायद बल्ला खुद एक बॉल टच कर ले'.
8. Mark Waugh और Adam Parore
ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच एक मैच के दौरान जब Adam Parore
बैटिंग करने आए तो स्लिप में खड़े Mark Waugh ने उनसे कहा कि 'मैने तुम्हें
दो साल पहले देखा था, तुम तब भी किसी काम के नहीं थे और तुम आज भी किसी
काम के नहीं हो'. इस पर Adam Parore ने जवाब दिया कि 'हां मैं वहीं हूं.
लेकिन तुम एक बूढ़ी औरत को डेट कर रहे थे और तुमने उससे शादी भी कर ली. तुम
बदल गए'.
9. Viv Richards और Greg Thomas
इंग्लैंड के एक काऊंटी मैच में Greg Thomas की गेंदबाज़ी Viv Richards
को परेशान कर रही थी. Thomas ने Richards से कहा कि 'ये बॉल लाल रंग की और
गोल है, अब इसे मारो'. अगली गेंद पर Richards ने छक्का मारा और जवाब दिया
कि 'तुमको पता है कि गेंद कैसी दिखती है, तो जाओ और खुद बॉल ले कर आओ'.
Art by: Suvojyoti Ray